वाद-विवाद में अपना समय नष्ट न करें।
हर बार अपने आप को सही साबित करना आवश्यक नहीं होता।
कभी कभी शांति और सौहार्द का वातावरण बनाए रखने के लिए ख़ामोश हो जाना ज़्यादा अच्छा होता है।
यदि कोई हमारे विचारों से सहमत न हो तो उसे अपनी बात मनवाने के लिए वाद विवाद में पड़ कर अपनी ऊर्जा नष्ट करने से कोई फ़ायदा नहीं।
हर पहाड़ी पर चढ़ना ज़रुरी नहीं होता -
हर पहाड़ी चढ़ने के लायक़ भी नहीं होती।
इसी तरह हर बात पर वाद विवाद और झगड़ा करना भी ठीक नहीं होता।
अक़्सर अपने आप को सही साबित करने की जिद में हम जीवन का सार खो बैठते हैं।
संयम एक अपार शक्ति है, और मौन दिव्यता की झलक।
जो ज्ञान शांत मन में उदित होता है, वह वाद-विवाद से नहीं मिल सकता।
स्मरण रहे -- हर सत्य को प्रतिरक्षा की आवश्यकता नहीं होती।
हर सत्य बचाव की मांग नहीं करता।
समय आने पर सत्य स्वयं ही सब के सामने उजागर हो जाता है।
" राजन सचदेव "


